किसी उजली जगमगाती सुबह
जब आसमान होगा साफ शफ्फ़ाक़
सूरज पर नहीं होगी गर्द
पेड़ होंगे सही सही हरे
जब अखबार में नहीं होगी कोई बुरी ख़बर
आंगन में बेखौफ़ चहचहाएंगी गोरैया
जब बीती रात का कोई डरावना सपना
आंखों पर बोझ की मानिंद टंगा नहीं होगा
और आंखे देखेंगी बिल्कुल वही जो है दरअस्ल
जब बच्चे फिक़्रों के बस्ते छोड़
रेत पर दौड़ेंगे नंगे पांव
रसोई में गुनगुनाएंगी हवाएं
जब दिन छाती पर पहाड़ सा नहीं
मन पर रूई सा उगेगा
तब तुम मिलने आना ऐ दोस्त
आज का दिन मुलाक़ात के लिए मुफ़ीद नहीं....
No comments:
Post a Comment